कोलकाता : बारिश भरी गुरुवार की शाम समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर उनसे मुलाकात की। जया बच्चन को डेरेक ओ'ब्रायन अपनी कार से वहां लेकर गए।
इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, सांसद महुआ मोइत्रा, कुणाल घोष भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली बंद कमरे की इस बैठक को लेकर राज्य की राजनीति में चर्चा का दौर तेज हो गया है।
हाल के विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संबंधों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे समय में जया बच्चन की यह अचानक मुलाकात राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।
हालांकि तृणमूल नेता कुणाल घोष ने इसे पूरी तरह शिष्टाचार भेंट बताया। उनके अनुसार, ममता बनर्जी और जया बच्चन के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध हैं और कोलकाता आने पर जया उनसे अवश्य मिलती हैं। दोनों नेताओं ने पुरानी यादें साझा कीं और ममता ने जया के माध्यम से अमिताभ बच्चन के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली।
वहीं, सूत्रों का दावा है कि बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, अभिषेक बनर्जी के आवास पर हुए हालिया हमले, महुआ मोइत्रा पर अंडा फेंके जाने की घटना तथा तृणमूल में जारी अंदरूनी असंतोष जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। हालांकि बैठक के एजेंडे पर दोनों दलों ने आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है।