कोलकाता : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर तारा मां मंदिर घाट पर जन कल्याण समिति की ओर से पिछले 17 वर्षों से लगातार सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समिति के सदस्य एवं वालंटियर्स हर वर्ष छठ व्रतियों की सुविधा के लिए पूरी तत्परता से जुटते हैं। इस वर्ष भी करीब हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए समिति की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। समिति की ओर से घाट की मरम्मत, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, रोशनी एवं सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। पूरे घाट की मार्किंग कर चारों ओर करीब 250 लाउडस्पीकर और लगभग 500 मेटल लाइट लगाई गईं। इसके अलावा पूरे घाट को एलईडी लाइटों से सजाया गया। शाम के समय छठ व्रतियों के लिए पेयजल तथा सुबह चाय और रसगुल्ले की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए बड़ी गाड़ियों की पार्किंग स्थल से घाट तक समिति की ओर से निःशुल्क टोटो सेवा भी उपलब्ध कराई गई। जन कल्याण समिति के हरिमोहन सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन की ओर से भी विशेष सहयोग मिला। घाट पर विशेष नौका टीम, एंबुलेंस और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समिति के संयुक्त प्रयास से छठ व्रतियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि इस सेवा कार्य में संतोष सिंह, अमित तिवारी, अजय पाठक, राजेश साहनी, बी.एन. गुप्ता, सत्येंद्र राय, रामनवल दुबे, पट्टू दुबे, राजा तिवारी, पवन गुप्ता, बृजमोहन सिंह, कृष्णमोहन सिंह, अरविंद साव, राजेश श्रीवास्तव, मोनू तिवारी, संजीव गुप्ता, शशि भारती, नरेश साव, धीरज गुप्ता और अनिल मिश्रा सहित वालंटियर्स सक्रिय रूप से सेवा में जुटे रहे। समिति का उद्देश्य छठ व्रतियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।