तृणमूल नेता जहांगीर खान को फलता के विभिन्न क्षेत्र में बनियान -बरमूडा पहनाकर घुमाया गया 
कोलकाता सिटी

पुलिस ने बनियान-बरमूडा में जहांगीर को इलाके में घुमाया

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : डायमंड हार्बर पुलिस के अधीन फलता थाने की पुलिस ने गिरफ्तार प्रभावशाली तृणमूल नेता जहांगीर खान उर्फ पुष्पा को फलता क्षेत्र में बनियान- बरमूडा में विभिन्न स्थानों पर ले जाकर जांच की। इस दौरान केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद थे। फलता के सहरारहाट इलाके में जब पुलिस जहांगीर खान को लेकर पहुंची तो स्थानीय लोग और राहगीर उन्हें इस हालत में देखकर पहले तो पहचान नहीं सके। बाद में जब लोगों को पता चला कि यह वही प्रभावशाली तृणमूल नेता है, तो कई लोग आश्चर्यचकित रह गए। कुछ लोगों ने ताली बजाकर अपनी प्रतिक्रिया दी, जबकि कुछ ने उनके खिलाफ नाराजगी भी जताई। हालांकि जहांगीर ने पूरे समय बिना किसी झिझक के सिर ऊंचा करके चलते नजर आए। गौरतलब है कि डायमंड हार्बर एसीजेएम अदालत के आदेश पर वर्ष 2021 में चुनाव बाद हिंसा से जुड़े एक मामले में जहांगीर को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उनकी हिरासत की अवधि 14 जून को समाप्त होगी। इसी दौरान पुलिस उन्हें विभिन्न स्थानों पर ले जाकर मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जहांगीर खान की गिरफ्तारी और उन्हें इलाके में ले जाकर की गई जांच को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।

SCROLL FOR NEXT