राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : फलता के प्रभावशाली रहे तृणमूल नेता जहांगीर खान और उनकी पत्नी के नाम पर बड़ी मात्रा में संपत्तियों का पता विशेष जांच दल (एसआईटी) को चला है। जांच अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 60 संपत्तियों के दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं। इन अचल संपत्तियों में जमीन के अलावा फ्लैट और मकान भी शामिल हैं। एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि इस दंपति ने इतनी बड़ी संपत्ति कैसे अर्जित की, क्या जमीन, मकान और फ्लैट किसी से खरीदे गए थे, यदि खरीदे गए तो उनकी कीमत कितनी थी और भुगतान के लिए धन का स्रोत क्या था। उल्लेखनीय है कि जहांगीर खान और उनकी पत्नी रेजिना उर्फ सारिका बीबी दोनों अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने फलता विधानसभा सीट से जहांगीर को बनाया था उम्मीदवार
हाल ही संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने फलता विधानसभा सीट से जहांगीर को उम्मीदवार बनाया गया था। वोटिंग के दौरान अनियमितताओं के आरोप के बाद निर्वाचन आयोग ने वहां पुनर्मतदान कराने का फैसला किया। हालांकि, पुनर्मतदान से दो दिन पहले स्वयं को ‘पुष्पा’ कहने वाले जहांगीर खान चुनावी मुकाबले से हट गए। इसके बाद रंगदारी वसूली, धमकी देने और अन्य कई आरोपों में वांछित जहांगीर को नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी ओर, उनकी पत्नी रेजिना उर्फ सारिका बीबी को भी डायमंड हार्बर पुलिस जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने पति को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए थाने में हंगामा करने की कोशिश की थी। फिलहाल जहांगीर न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि उनकी पत्नी पुलिस हिरासत में हैं। इसी बीच भाजपा नेता विधान पारुई ने जहांगीर खान के खिलाफ अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के आरोप लगाते हुए फलता थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की प्रतियां डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी सौंपी गई थीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीमित समय में जहांगीर और उनके परिवार ने भारी संपत्ति अर्जित की, जो पूरी तरह अवैध तरीकों से हासिल की गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जहांगीर खान के खिलाफ चल रही जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकते हैं। सभी दस्तावेजों की गहन जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी