कोलकाता : राज्य सरकार ने जादवपुर विश्वविद्यालय (JU) को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA 2.0) के तहत स्वीकृत 44 करोड़ रुपये जल्द खर्च करने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय को सितंबर तक पूरी राशि उपयोग करनी होगी। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने पिछले सप्ताह विश्वविद्यालय को प्रक्रिया शुरू करने को कहा था।
कुलपति चिरंजीब भट्टाचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय उन क्षेत्रों की सूची तैयार कर रहा है, जहां यह राशि खर्च की जा सकती है। RUSA 2.0 की फंडिंग व्यवस्था के तहत 60 प्रतिशत राशि केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार देगी। इस योजना के तहत विश्वविद्यालय को कुल 100 करोड़ रुपये मिलने हैं, जिनमें से 56 करोड़ रुपये 2019 में मिल चुके थे।बताया गया है कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच लंबे समय तक चले टकराव के कारण शेष राशि अटकी हुई थी।
अब दोनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने के बाद फंड जारी होने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है। हाल ही में विश्वविद्यालय प्रशासन ने डीन, अधिकारियों और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राशि के उपयोग पर चर्चा की।
जादवपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के सचिव पार्थ प्रतिम राय ने कहा कि कम समय को देखते हुए राशि का इस्तेमाल उपकरणों के रखरखाव, सॉफ्टवेयर लाइसेंस और जरूरी उपकरण खरीदने में किया जा सकता है। वहीं, कुछ शिक्षकों ने जर्जर भवनों, खासकर फार्मेसी विभाग की इमारत, की मरम्मत और नवीनीकरण पर जोर दिया है।