रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : फलता विधानसभा इलाके में एक जवान की असामान्य मौत से सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उनकी मौत हुई। यह घटना फलता थाने के दोस्तीपुर इलाके में हुई। मृत जवान का नाम कनक कोच (41) है। वह असम के निवासी थे और ITBP बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोस्तीपुर हाई स्कूल में ITBP के 86 जवान ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि वे चुनाव ड्यूटी के लिए आए थे। मंगलवार रात भोजन करने के बाद सभी सो गए थे। देर रात एक जवान शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर निकला, तभी उसने कनक को औंधे मुंह पड़ा हुआ देखा। इसके बाद अन्य जवानों को बुलाकर उन्हें तुरंत रक्तरंजित अवस्था में डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि सीढ़ियों से गिरने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। इस घटना के बाद कई सवाल उठ रहे है।