कोलकाता सिटी

आयकर की बड़ी कार्रवाई : काेलकाता में एक साथ दर्जन भर ठिकानों पर छापा

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : आयकर विभाग के अधिकारियों ने सोमवार व मंगलवार को कोलकाता और उसके आसपास 20 स्थानों पर एक साथ छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया है।

जिन स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके की पॉश राजा संतोष रोड पर स्थित राज्य के एक प्रभावशाली व्यवसायी का आवास भी शामिल है।

इसके अलावा, उसी व्यवसायी के चेतला स्थित कार्यालय में भी आयकर विभाग की टीम तलाशी अभियान चला रही है। हालांकि, आयकर अधिकारियों ने संबंधित व्यवसायी का नाम बताने से इनकार किया है।

घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह तलाशी अभियान आयकर चोरी और ज्ञात आय से अधिक संपत्ति (डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स) के मामले में पहले दर्ज केस के आधार पर किया जा रहा है। यह मामला व्यवसायी और उसकी स्वामित्व वाली कंपनी के खिलाफ दर्ज है।

इसी दौरान, आयकर विभाग की एक अन्य टीम न्यू टाउन के एक्शन एरिया-III स्थित एक पॉश हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में एक अन्य व्यवसायी के फ्लैट पर भी छापेमारी कर रही है।

इसके साथ ही, तीन कार्यालयों में भी तलाशी अभियान जारी है—

  • एक न्यू टाउन के इकोस्पेस में

  • दूसरा मध्य कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में

  • और तीसरा दक्षिण कोलकाता के गुरुसदाय दत्ता रोड के पास

इन सभी कार्रवाइयों का संबंध बड़े पैमाने पर आयकर चोरी, बेहिसाब संपत्ति और आय से अधिक संपत्ति के मामलों से बताया जा रहा है।

इसके अलावा, उत्तर 24 परगना जिले के मुख्यालय बारासात में एक रियल एस्टेट प्रमोटर के आवास पर भी आयकर विभाग द्वारा इसी तरह की छापेमारी की जा रही है।

हर छापेमारी टीम के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात हैं।

हालांकि, अब तक हुई बरामदगी को लेकर आयकर विभाग के अधिकारी पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में लगातार छापेमारी की गई थी। अब आयकर विभाग भी राज्य में सक्रिय होता नजर आ रहा है

SCROLL FOR NEXT