लेजर बीम मामले में जांच तेज 
कोलकाता सिटी

कोलकाता एयरपोर्ट के पास लेजर बीम मामले में जांच तेज

अशोकनगर तक पहुंची पुलिस की पड़ताल

कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मलेशिया एयरलाइंस के विमान की लैंडिंग के दौरान पायलट पर लेजर बीम पड़ने की घटना की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जांच में लेजर बीम का स्रोत उत्तर 24 परगना के अशोकनगर क्षेत्र तक पहुंचा है। अब पुलिस सटीक स्थान और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान जब एयरपोर्ट से करीब 15 किलोमीटर दूर थी, तभी कॉकपिट पर तेज लेजर रोशनी पड़ी।

इससे पायलट कुछ समय के लिए असहज हो गया और एहतियात के तौर पर विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर दूसरी बार एप्रोच कराया गया। इसके बाद विमान सुरक्षित उतर गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों की शिकायत पर बिधाननगर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और लेजर का स्रोत अशोकनगर क्षेत्र में होने का पता लगाया। मामले की जांच में बारासात पुलिस की भी मदद ली जा रही है।

घटना के बाद एयरपोर्ट के 18 किलोमीटर दायरे के सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, बैंक्वेट हॉल और आयोजन स्थलों को आसमान की ओर लेजर लाइट न छोड़ने की चेतावनी दी गई है।

विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, लैंडिंग के दौरान लेजर बीम पायलट की दृष्टि प्रभावित कर गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। DGCA के नियमों के तहत हवाई अड्डों के आसपास लेजर लाइट का उपयोग प्रतिबंधित है।

SCROLL FOR NEXT