कोलकाता : अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) की ओर से आयोजित ‘रक्तदान कर्तव्यम् 2026’ अभियान के शुभारंभ अवसर पर ‘ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स’ बस का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी की उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री ने रक्तदान को मानवता की सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी अभियान की शुरुआत समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह एवं जागरूकता के उद्देश्य से तैयार मोबाइल बस का औपचारिक लोकार्पण किया। यह बस भीकमचंद पुगलिया की ओर से संस्थान को समर्पित की गई।
कार्यक्रम में अभातेयुप के उपाध्यक्ष अनंत बागरेचा, मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) के सहसंयोजक जय चोरड़िया तथा साउथ कोलकाता तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष प्रशांत श्याशुखा सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों ने भीकमचंद पुगलिया, सुरेंद्र बोराड, तुलसी दुगड़, भूपेंद्र दुगड़, नरेंद्र बरड़िया, विजय बावलिया, भोला सोनकर और मनोज नहाटा सहित सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि आचार्य श्री तुलसी की दूरदर्शी सोच से शुरू हुआ संगठन, आचार्य श्री महाश्रमण जी के मार्गदर्शन में सेवा, संस्कार और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से मानव कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। ‘ब्लड डोनेशन ऑन व्हील्स’ को इसी सेवा भावना का चलता-फिरता माध्यम बताया गया।