सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का सीधा प्रभाव पश्चिम बंगाल पर नहीं पड़ने के बावजूद राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। ओडिशा के तट पर दस्तक देने के बाद कमजोर पड़े इस चक्रवात का असर अब निम्न दबाव के रूप में बंगाल के मौसम पर दिखाई दे रहा है। सर्दियों की शुरुआत से पहले लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।
उत्तर और दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ओडिशा में लैंडफॉल के बाद चक्रवाती सिस्टम रात तक अति गहरे अवदाब से सामान्य निम्न दबाव में तब्दील हो गया। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
कोलकाता समेत अधिकांश जिलों में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मुर्शिदाबाद, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दक्षिण 24 परगना और नदिया में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में दीघा में सर्वाधिक 176 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कांथी में 105, सागरद्वीप में 85, बर्दवान में 75, मिदनापुर और कलाईकुंडा में 55-55, उलूबेड़िया में 52 तथा अलीपुर और कल्याणी में 41-41 मिलीमीटर बारिश हुई।
मंगलवार से मौसम साफ, बुधवार से गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मंगलवार से पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी। बुधवार से न्यूनतम तापमान कम होने की उम्मीद है। कोलकाता का न्यूनतम तापमान गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी जिलों में पारा 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
खराब मौसम से विमान सेवा प्रभावित
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा। दिल्ली से रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2039 को कोलकाता एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। विमान ने सुबह 5:27 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और सुबह 8:24 बजे 171 यात्रियों के साथ कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग की।
प्रतिकूल मौसम के कारण रांची में उतरने में परेशानी होने पर विमान का मार्ग बदलना पड़ा। इस बीच ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेन और विमान सेवाओं की स्थिति तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी लेने को कहा गया है।