बारुईपुर थाने की पुलिस प्रतिबंधित पटाखा जब्त करते हुए  
कोलकाता सिटी

चंपाहाटी में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बारूईपुर : दक्षिण 24 परगना जिले के बारूईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपाहाटी के संगोलिया इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री एक दोमंजिला मकान में गुप्त रूप से संचालित की जा रही थी। बाहर से सामान्य दिखने वाले इस घर के भीतर बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर फैक्ट्री मालिक महेंद्र सरदार (45) को गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बरामद किये। साथ ही पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और कच्चे माल का भी बड़ा जखीरा जब्त किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और विभिन्न मौकों पर इन पटाखों की आपूर्ति की जाती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बिना किसी सुरक्षा मानकों के इस फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


SCROLL FOR NEXT