अभियुक्तों के पास से 49 मोबाइल, एक लैपटॉप, दो सिम कार्ड जब्त
दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का मटियाब्रुज थाने की पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह बहूबाजार के मलंगा लेन और बी.बी. गांगुली स्ट्रीट में अवैध कॉल सेंटर की आड़ में ठगी का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम राना बर्मन, दीप राय चौधरी, अंग्शुमान दे, प्रशांत हाजरा, राजू दत्ता, पिंकी साहा, संचिता मंडल, अंकिता साहा, सुधीर महतो और रोनी मंडल हैं। अभियुक्तों के पास से 48 कीपैड मोबाइल, 1 स्मार्टफोन, एक लैपटॉप, 6 सिम कार्ड और दो फर्जी रबर स्टैंप बरामद किये हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पहले एक महिला ने मटियाब्रुज थाने में शिकायत दर्ज करायी थी कि जालसाजों ने 2.18 लाख रुपये का पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर उसके पास से 25 हजार रुपये की ठगी की थी। आरोप है कि जालसाजों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मी बताकर ठगी को अंजाम दिया था। आरोप है कि पीड़ित महिला का भरोसा जीतने के लिए अभियुक्त ने फर्जी डिमांड ड्राफ्ट और अन्य दस्तावेज तैयार किये थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस सहित विभिन्न तरह के चार्ज के नाम पर जालसाजों ने उसके पास से 25 हजार रुपये ऐंठ लिये। बाद में ठगी का अहसास होने पर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। मामले की जांच के दौरान मटियाब्रुज थाना और पोर्ट डिविजन साइबर सेल के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बहूबाजार के मलंगा लेन और बीबी गांगुली स्ट्रीट स्थित दो ऑफिसों में छापामारी की। दोनों जगहों से पुलिस ने तीन महिलाओं सहित 9 लोगों को पकड़ा। अभियुक्तों से पूछताछ के बाद पाटुली इलाके से सुधीर महतो नामक एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि सुधीर म्यूल अकाउंट सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस अभियुक्तों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।