कोलकाता : बिहार के पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना इलाके में चल रहे अवैध हथियार कारखाने का कोलकाता पुलिस के एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। कोलकाता पुलिस के एसटीएफ, बिहार एसटीएफ और स्थानीय धमदाहा थाना पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर इस गुप्त कारखाने का पता लगाया। पुलिस ने मामले दो भाइयों सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 5 पिस्तौल की बॉडी, 4 पिस्टल के बट, 1 लेथ मशीन, 1 ड्रिलिंग मशीन, 1 ग्राइंडर और 1 पॉलिशिंग मशीन सहित अन्य सामान जब्त किये गये हैं।
आवाज छिपाने के लिए बनायी थी 'अंडरग्राउंड' फैक्ट्री
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर धमदाहा इलाके के एक मकान पर छापेमारी की गई। यह मकान मिठू कुमार और गब्बर राय नामक दो भाइयों का है। इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कागज की थालियां बनाने का कारखाना चल रहा था। जांचकर्ताओं के अनुसार, असली खेल इस कारखाने की आड़ में चल रहा था। मकान के नीचे एक 'भूगर्भस्थ' (अंडरग्राउंड) कमरा बनाया गया था, जहाँ अवैध रूप से अत्याधुनिक हथियार तैयार किए जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि हथियार बनाते समय होने वाली तेज आवाज को दबाने के लिए ही ऊपर कागज की थाली बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अब तक कुल पांच लोगों को दबोचा है। धमदाहा के इस मकान से मकान मालिक मिठू कुमार और गब्बर राय के अलावा अनवर खान और आफताब आलम नामक दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, इस पूरे रैकेट और अवैध कारखाने को संचालित करने वाले मुख्य सरगना सूरज कुमार को पुलिस ने मुंगेर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इन सभी आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यहाँ बनने वाले हथियारों की सप्लाई कहाँ-कहाँ और किन अपराधी गिरोहों को की जानी थी।