फाइल फोटो  
कोलकाता सिटी

IIEST शिबपुर को मिला नया 10 मंजिला बॉयज हॉस्टल

छात्रावास संकट से मिलेगी राहत

हावड़ा : भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (IIEST), शिबपुर में लंबे समय से चल रही छात्रावास (हॉस्टल) की कमी की समस्या अब काफी हद तक दूर होने जा रही है।

संस्थान में 10 मंजिला नए बॉयज हॉस्टल का उद्घाटन 16 अगस्त को किया जाएगा। इस अत्याधुनिक छात्रावास में 1,160 छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी, जिससे परिसर में आवास की समस्या में उल्लेखनीय राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में संस्थान के लगभग 55 प्रतिशत छात्रों को ही हॉस्टल की सुविधा मिल पाती है। नए छात्रावास के शुरू होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 75 प्रतिशत हो जाएगा।

IIEST में इस समय करीब 4,200 छात्र अध्ययनरत हैं और वर्षों से सीटों की कमी के कारण बड़ी संख्या में छात्रों को परिसर के बाहर किराये के मकानों या निजी आवासों में रहना पड़ता था।

संस्थान के निदेशक वी.एम.एस.आर. मूर्ति ने बताया कि नया हॉस्टल आधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसे छात्रों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हॉस्टल चालू होने से नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों को भी आवास उपलब्ध कराने में आसानी होगी।

संस्थान प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में शैक्षणिक भवन, शोध एवं नवाचार केंद्र, छात्रावास और अन्य बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है, ताकि IIEST को विश्वस्तरीय तकनीकी संस्थान के रूप में विकसित किया जा सके।

SCROLL FOR NEXT