IHCL-अंबुजा नेवटिया का होटल विस्तार 
कोलकाता सिटी

बंगाल में IHCL-अंबुजा नेवटिया की होटल विस्तार योजना को रफ्तार

2,700 करोड़ का हुआ निवेश

Ravi

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को विस्तार देने के उद्देश्य से इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) और अंबुजा नेवटिया ग्रुप ने अपनी साझेदारी को 20 प्रॉपर्टी तक पहुंचा दिया है। इस योजना के तहत दार्जिलिंग के मकाइबाड़ी स्थित ताज चिया कुटीर रिजॉर्ट एंड स्पा के विस्तार पर करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

इस निवेश से रिजॉर्ट में 28 नए कमरे और 15 हजार वर्ग फुट का बैंक्वेट हॉल तैयार किया जाएगा। इससे यहां शादियों, कॉर्पोरेट बैठकों और अन्य बड़े आयोजनों की सुविधाओं का भी विस्तार होगा। दोनों समूहों की साझेदारी में फिलहाल राज्य में 11 होटल संचालित हैं, जबकि नौ परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

अंबुजा नेवटिया ग्रुप ने इन योजनाओं के लिए कुल निवेश आवंटन बढ़ाकर 2,700 करोड़ कर दिया है। अगले दो से पांच वर्षों में कोलकाता, रायचक, दीघा, सिलीगुड़ी, लाटागुड़ी, कलिम्पोंग और दार्जिलिंग में नई परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। इन नौ परियोजनाओं से IHCL के पोर्टफोलियो में 739 अतिरिक्त कमरे जुड़ेंगे।

इसके अलावा कोलकाता में ताज उवांता सिग्नेचर रेजिडेंसेज के 354 अपार्टमेंट और दार्जिलिंग में ताज हिमाया कुटीर के 10 विला भी योजना में शामिल हैं। IHCL के एमडी एवं सीईओ पुनीत छतवाल ने पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में विस्तार की संभावनाओं पर जोर दिया। वहीं, अंबुजा नेवटिया ग्रुप के चेयरमैन हर्षवर्धन नेवटिया ने मौजूदा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को प्राथमिकता बताया।

SCROLL FOR NEXT