प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार द्वारा तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। हावड़ा के जगतबल्लभपुर में आयोजित सभा में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियां आधी रात में छापेमारी कर रही हैं और बूथ एजेंटों को गिरफ्तार करने की कोशिश हो रही है, ताकि वे मतदान केंद्रों पर मौजूद न रह सकें।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “एक को गिरफ्तार करेंगे तो हजार लोग सामने आएंगे और हजार को गिरफ्तार करेंगे तो लाख लोग तैयार होंगे।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से “विकल्प” तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर महिलाओं को भी बूथ एजेंट बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “तृणमूल के बूथ एजेंटों को मतदान केंद्रों पर बैठने से रोकने के लिए ये गिरफ्तारियां की जा रही हैं। लेकिन हम भी तैयार हैं। समानांतर व्यवस्था तैयार रखनी होगी। एक को पकड़ेंगे तो दूसरा मौजूद रहेगा। जरूरत पड़ने पर महिलाएं भी बूथ एजेंट के रूप में बैठेंगी।”
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईडी ने चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक के सह-संस्थापक बिनेश चंदेल को कथित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। अदालत ने उन्हें 10 दिन की ईडी हिरासत में भेजा है। साथ ही, आई-पैक के एक अन्य संस्थापक प्रतीक जैन के परिवार के सदस्यों को भी ईडी ने तलब किया है। गौरतलब है कि पिछले रविवार को पूर्व बर्दवान के खंडघोष की सभा से मुख्यमंत्री ने कहा था, “कई लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश होगी।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा था, “सुना है कि आज आधी रात से ऑपरेशन शुरू होगा। हमें भी खबर मिलती है।” संयोग से, सोमवार की रात ही ईडी ने आई-पैक के अधिकारी चंदेल को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा चुनाव में गड़बड़ी या छप्पा वोट की कोशिश करेगी तो जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों पर सवाल उठाते हुए मतदाताओं से सतर्क रहने को कहा और चेतावनी दी कि बंगाल को चुनौती दी गई तो कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह झूठ बोलकर वोट नहीं मांगतीं और किसी को ऐसा करने भी नहीं देंगी।