कोलकाता सिटी

लिलुआ स्टेशन की ओर जा रहे हैं, तो संभल जाइये! यहां सड़कें हो गई हैं जानलेवा

सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा और यहां की सड़कों की बदहाल स्थिति कोई नयी बात नहीं है। हावड़ा के ज्यादातर इलाकों की सड़कों की स्थिति ऐसी ही बनी हुई है। अगर आप हावड़ा की सड़कों पर निकलें, तो बता दूं, थोड़ा संभल कर चलने की जरूरत है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे बने हुए हैं, जो एक हद तक जानलेवा होते जा रहे हैं। हावड़ा की खराब सड़काें की सूची में लिलुआ थाना मोड़ और लिलुआ स्टेशन रोड भी शामिल हैं। यह वार्ड नंबर 66 में पड़ता है। यहां की सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। यहां सड़क पर छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में जब पानी जम जाता है, तब तो यहां से गुजरना और भी मुश्किल हो जाता है। कई बार यहां से गुजरने के दौरान लोग गिर जाते हैं, तो कई बार वाहन भी पलट जाते हैं।

कई बार हो चुकी हैं दुर्घटनाएं

यहां से गुजरने के दौरान कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई बार गाड़ी के चक्के गड्ढों में फंस जाते हैं, तो कई बार मोटरसाइकिल से गुजर रहा व्यक्ति फिसलकर यहां गिर चुका है। इससे लोगों को गंभीर चोटें भी लगी हैं। सड़कों की खराब स्थिति स्थानीय लोगों के लिए एक बहुत बड़ी समस्या बन गयी है। लोगों को काफी ध्यान और संभल कर यहां से गुजरना पड़ता है। यह रास्ता लिलुआ के प्रमुख रास्तों में से एक है, मगर यहां की स्थिति काफी बदतर है।

यहां से गुजरते समय टेढ़े हो जाते हैं टोटो व अन्य वाहन

इस रास्ते से गुजरने के दौरान टोटो या अन्य कोई भी वाहन टेढ़े हो जाते हैं। इससे यात्रियों में भी डर बना हुआ रहता है। यह रास्ता लिलुआ थाने से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है और लिलुआ स्टेशन की ओर जाता है। यहां आस पास दुकान चला रहे लोगों के मुताबिक बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी जमा हो जाने के बाद लोग फिसलकर गिर जाते हैं। इसके अलावा आम दिनों में सड़क की स्थिति ऐसी है कि वाहन के गुजरने से धूल मिट्टी उड़ती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।

क्या कहा हावड़ा नगर निगम के चेयरमैन का

हावड़ा नगर निगम के चेयरमैन डॉ. सुज चक्रवर्ती ने कहा कि सड़क मरम्मत का काम चल रहा है। सभी जगहों पर दुर्गा पुज से पहले सड़काें का काम पूरा कर दिया जाएगा। निगम की ओर से लगातार काम किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT