फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

जमानत पर घर लौटा, कुछ घंटों में फिर गिरफ्तार

महिला की मौत के बाद दंपति पर हत्या का मामला दर्ज

कोलकाता : जमानत पर रिहा होकर घर लौटे एक व्यक्ति को कुछ ही घंटों बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। इस बार पुलिस ने उसकी पत्नी को भी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना बेनियापुकुर थाना क्षेत्र स्थित सुरेश सरकार रोड की है। गिरफ्तार दंपति की पहचान मोहम्मद नेहालुद्दीन और नेहा परवीन के रूप में हुई है। दंपति का दो महीने का एक बच्चा भी है, जो फिलहाल अपनी मां के साथ पुलिस अभिरक्षा में है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद नेहालुद्दीन एक पुराने मामले में रविवार को जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था। उसके घर पहुंचने की जानकारी मिलते ही पहले मामले की शिकायतकर्ता पक्ष के लोग उसके घर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष की सदस्य खुशबू हलदर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल कोलकाता के नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि मोहम्मद नेहालुद्दीन और उसकी पत्नी नेहा परवीन ने विवाद को उकसाया, जिसके कारण खुशबू हलदर की मौत हुई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दंपति को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लिया है। वहीं, दो महीने का नवजात शिशु अपनी मां के साथ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


SCROLL FOR NEXT