रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बजबज : दिल्ली में हाल में हुए विस्फोट के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। इसी क्रम में सोमवार देर रात दक्षिण 24 परगना जिले के बजबज थाना क्षेत्र में चलाए गए विशेष नाका चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक के वाहन से खतरनाक अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मौनफ पार्से उर्फ बाबू (३२ वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं। वह पिछले कई सालों से रोजगार के सिलसिले में बजबज के जूट मिल क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र लेकर बजबज-डायमंड हार्बर रोड होते हुए गुजरेगा। सूचना मिलते ही बजबज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने रात करीब साढ़े 11 बजे नाका लगाया। एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेते ही पुलिस के होश उड़ गए। गाड़ी के डिकी और सीट के नीचे से एक 9 एमएम ऑटोमैटिक पिस्टल, दो देसी वन-शॉटर गन (इम्प्रोवाइज्ड फायरआर्म), कई कारतूस और कुछ हथियार बनाने का सामान बरामद हुआ। मंगलवार दोपहर डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) मितुन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “राष्ट्रीय स्तर पर अलर्ट के बाद हमने सभी संवेदनशील रास्तों पर नाकाबंदी बढ़ा दी थी। त्वरित कार्रवाई से हम एक बड़े खतरे को टालने में सफल रहे। बरामद हथियार अत्याधुनिक हैं और इनकी सप्लाई चेन का पता लगाना हमारी प्राथमिकता है। अभियुक्त को मंगलवार को बारुईपुर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस रिमांड मिली है।” पुलिस को शक है कि ये हथियार किसी बड़े आपराधिक गिरोह या उग्रवादी संगठन को जाने वाले थे। मौनफ का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पूछताछ में उसने कुछ नाम लिए हैं, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद बजबज, नोदाखाली सहित पूरे इलाके में पुलिस गश्त और नाका चेकिंग और सख्त कर दी गई है।