दीपक,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : न्यू मार्केट अग्निकांड में फरार चल रहे ''शिखा इन'' होटल के मालिक बीरेश्वर मित्रा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता पुलिस के डीडी की टीम ने बेहला स्थित घर से अभियुक्त को पकड़ा है। मंगलवार रात होटल में आग लगने की दर्दनाक घटना के बाद से ही वह फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश में विभिन्न जगहों पर छापामारी कर रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह अपनी कार से कोलकाता से भागकर झारखंड के धनबाद जा पहुंचा था, जहां उसने अपने कुछ कर्मचारियों के यहां शरण ली थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि बैंक खातों के फ्रीज होने और नकदी की किल्लत के चलते उसे मजबूरन घर लौटना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे डायमंड हार्बर रोड स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही पुलिस बीरेश्वर की तलाश कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक, उसके दो अकाउंट फ्रीज कर दिए गए थे। यानी उन अकाउंट में ट्रांजैक्शन रोक दिए गए थे। जांच करने वालों का एक ग्रुप मान रहा है कि कैश की कमी के कारण वह धनबाद से घर लौटा था। झारखंड में बीरेश्वर के कुछ कर्मचारियों के घर हैं। माना जा रहा है कि वह वहां गया था और मदद मांगी थी। ये सारी बातें उससे पूछताछ के बाद ही साफ होंगी। यहां उल्लेखनीय है कि मंगलवार देर रात हुए इस अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें सात लोग पड़ोसी देश बांग्लादेश के रहने वाले थे। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि महज 1,100 वर्ग फीट के छोटे से क्षेत्रफल में पांच कमरे बनाए गए थे और आग बुझाने के किसी भी मानक या नियम का पालन नहीं किया गया था।
छापेमारी और पूछताछ का सिलसिला
घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को पता चला कि न्यू मार्केट के अलावा दीघा और मंदारमणि में भी उसके होटल हैं, जहां शुक्रवार को छापेमारी की गई लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बुधवार सुबह एक कर्मचारी से फोन पर बात करने के बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया था। इस बीच प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए न्यू मार्केट क्षेत्र के कई होटलों पर ताले लगा दिए हैं। पुलिस इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अबू जफर समेत अन्य स्टाफ से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे से जुड़ी हर एक कड़ी को जोड़ा जा सके।