कोलकाता सिटी

कल से सुधार की उम्मीद

फ्लाइट रद्द, जेब खाली, यात्रियों ने उठाया महंगी यात्रा का बोझ

नेहा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता एयरपोर्ट पर कल से स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। DGCA द्वारा इंडिगो को दी गई अस्थायी ढील के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसका असर आज से दिखना शुरू हो जाएगा। पिछले कुछ दिनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए एयरपोर्ट प्राधिकरण को अतिरिक्त कुर्सियां लगानी पड़ीं, ताकि लंबे इंतजार में फंसे लोगों को बैठने की जगह मिल सके। इसके साथ ही एयरपोर्ट में दो अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। एक टीम ऑपरेशन संभालने के लिए और दूसरी उड़ानों को सामान्य स्थिति में लाने के लिए। दोनों टीमें लगातार समन्वय में काम कर रही हैं ताकि उड़ानों की देरी और रद्दीकरण को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके।

इंडिगो संकट से बेहाल यात्रियों की दर्दभरी कहानी

एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो की लगातार उड़ान रद्दीकरण और देरी ने यात्रियों की परेशानियों को चरम पर पहुँचा दिया। विदेशी पर्यटकों से लेकर घरेलू यात्रियों और बड़े परिवारों तक, सभी अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए बेहद महंगे विकल्पों पर मजबूर हो गए। वियतनाम से आए 14 श्रद्धालुओं के समूह को घंटों इंतजार के बाद समूह को मजबूरी में एक निजी बस लेनी पड़ी, जिसकी कीमत करीब 1,100 डॉलर (लगभग 1 लाख रुपये) थी। इनका कहना था कि “हमारे पास कोई और विकल्प नहीं था।” अमेरिका के शिकागो से आए रिटायर्ड आईटी प्रोफेशनल की पुणे जाने वाली उड़ान भी चेक-इन के बाद रद्द हो गई। वे लगातार किसी भी ऐसी उड़ान की तलाश करते रहे जो इंडिगो की न हो, पर सभी टिकटों के दाम आसमान छू रहे थे। होटलों की भारी कमी और बढ़े हुए किराये ने संकट को और बढ़ा दिया। इंडिगो ने कुछ होटलों से यात्रियों के लिए कमरों की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन उपलब्धता बहुत सीमित थी।

SCROLL FOR NEXT