कोलकाता सिटी

स्वास्थ्य सेवा की हर कड़ी को जोड़ने की पहल

HOPECON International 2026 में नवाचार, शिक्षा, नेतृत्व और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा के पाँच वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव

Neha Singh

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : स्वास्थ्य सेवा को अधिक सुलभ, किफायती, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी बनाने के उद्देश्य से HOPE Academic Initiatives एक व्यापक मंच के रूप में उभर रहा है। Kolkata Nurture Foundation के तत्वावधान में स्थापित इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा से जुड़े चिकित्सकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत और सामाजिक संगठनों को एक साथ जोड़ना है।

चिकित्सक एवं हेल्थकेयर उद्यमी डॉ. पायोधि धर द्वारा स्थापित HOPE अपनी पांच वर्षों की यात्रा पूरी कर रहा है। इसी अवसर पर इसका वार्षिक सम्मेलन HOPECON International 2026 26 से 29 नवंबर तक कोलकाता के ITC Royal Bengal में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में 1,000 से अधिक फैकल्टी एवं रिसोर्स पर्सन्स, 500 से अधिक वैज्ञानिक सत्र और शैक्षणिक गतिविधियां तथा करीब 40 मेडिकल एवं हेल्थकेयर संगठनों की भागीदारी है। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

HOPE की खासियत यह है कि यह केवल वार्षिक सम्मेलन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष स्वास्थ्य सेवा और पेशेवर विकास के लिए सक्रिय रहने की परिकल्पना करता है। इसके तहत HOPE 360°, TAKE CARE, Uni Edu Health, Wellth Card और TRUE HEALTH जैसी पहलें शुरू की गई हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों सहित टियर-2 और टियर-3 शहरों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, कौशल विकास को प्रोत्साहित करना और चिकित्सा संबंधी भ्रामक जानकारियों का मुकाबला करना है। साथ ही शोध, नवाचार, प्रकाशन और 365-दिवसीय मेंटरशिप पर भी जोर दिया जा रहा है।

HOPECON International के पांचवें संस्करण में पद्मा कॉन्क्लेव, मेडिको-लीगल अफेयर्स, मेडिकल टूरिज्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल हेल्थ, हेल्थकेयर एंटरप्रेन्योरशिप और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसमें सरकार, उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस पहल को डॉ. सुकुमार मुखर्जी, डॉ. प्रदीप कुमार मित्रा, डॉ. बंशी साबू, प्रो. डॉ. अपूर्व कुमार मुखर्जी और अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सा विशेषज्ञों का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन प्राप्त है।

डॉ. पायोधि धर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल अस्पतालों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए ज्ञान, शिक्षा, शोध, नीति-निर्माण और समाज के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने कहा कि HOPE का उद्देश्य शिक्षा को अवसर, नवाचार को सुलभता और पेशेवर उत्कृष्टता को सामाजिक कल्याण में बदलना है।

पांच वर्षों की उपलब्धियों के साथ HOPECON International 2026 का लक्ष्य एक ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण को गति देना है, जहां चिकित्सा सुविधाएं हर वर्ग तक पहुंचें और आम नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

SCROLL FOR NEXT