सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली: हुगली जिले में दो अलग-अलग घाटों पर दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गए, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पहली घटना शेवड़ाफुली के निमाईतीर्थ घाट पर हुई, जहां उत्तर 24 परगना के मिनाखां निवासी निशान भुइयां (36) तेज बहाव में बह गया। वह अपने माता-पिता के साथ तारकेश्वर जाने के लिए शेवड़ाफुली आया था। बताया गया है कि घाट से पानी भरते समय वह गंगा में डूब गया। बाद में उसका शव घाट से बरामद कर लिया गया। दूसरी घटना चंदननगर के शिवबाटी घाट की है, जहां स्नान के दौरान 11 नंबर वार्ड निवासी इमरान आलम (16) पानी के बहाव में बह गया। जानकारी के अनुसार, वह घर से निकलकर पास के घाट पर गया था। स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। सूचना मिलने पर चंदननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आपदा प्रबंधन विभाग को भी सूचित किया गया। आपदा प्रबंधक विभाग के अधिकारी और कर्मी लापता किशोर की तलाश में जुटी हुई है।