हुगली : समवाय समिति में करीब दो करोड़ रुपये के वित्तीय गबन के आरोप में पूर्व मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती के करीबी तृणमूल नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम स्वपन पात्र है। वह रसीदपुर ग्राम पंचायत के प्रधान एवं सिंगटी-गुटी-आतरा-बिलासपुर समवाय समिति का प्रबंधक है। आरोप है कि पंचायत प्रधान होने के साथ-साथ समवाय समिति के प्रबंधक रहते हुए उन्होंने करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता की। यह भी आरोप है कि समवाय से ऋण लेने आने वाले लोगों को मनमाने तरीके से ब्याज दर तय की जाती थी। साथ ही, पूर्व परिवहन मंत्री स्नेहाशीष को बिना आवश्यक दस्तावेज के लाखों रुपये का ऋण दिलाने का भी आरोप स्वपन पर लगा है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से तृणमूल नेताओं के खिलाफ आरोप लग रहे हैं। अब समवाय समिति के धन के गबन और वित्तीय अनियमितता के आरोप में तृणमूल के पंचायत प्रधान की गिरफ्तारी से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। जंगीपाड़ा के भाजपा विधायक प्रसन्नजीत बाग ने कहा कि स्वपन ने अपनी मनमर्जी से समवाय समिति का संचालन किया। बिना किसी रिजॉल्यूशन के तृणमूल से जुड़े लोगों को ऋण दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व परिवहन मंत्री स्नेहाशीष ने भी चरणबद्ध तरीके से इसी समवाय से ऋण लिया था। उनकी पत्नी ने भी इसी समिति से ऋण लिया था। विधायक के अनुसार, तृणमूल के कई लोगों को भी ऋण दिया गया। किसानों को ठगने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच गंभीरता से होगी।