सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

करोड़ों रुपये डूबने के बाद तनाव में व्यवसायी ने की आत्महत्या

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : चुंचुड़ा के रवीन्द्रनगर निवासी व्यवसायी रिपन हलदार (52) ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। सुपारी के कारोबार में लगाये गये लगभग दो करोड़ रुपये वापस नहीं मिलने से वे लंबे समय से मानसिक अवसाद में थे। मृत रिपन पहले कपड़े का कारोबार करते थे और महाराष्ट्र में रहकर अच्छी आमदनी कर रहे थे। वर्षों की मेहनत से उन्होंने कुछ पूंजी जमा की थी। वर्ष 2021 में गुजरात के तीन व्यवसायियों से परिचय होने के बाद उन्होंने सुपारी के व्यापार में अपनी लगभग दो करोड़ रुपये की बचत निवेश कर दी। परिवार के अनुसार, शुरुआत में उन व्यवसायियों का व्यवहार अच्छा था, लेकिन बाद में उन्होंने न तो कारोबार का लाभ दिया और न ही निवेश की गई राशि लौटाई। कई बार पैसे वापस मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से रिपन गहरे मानसिक तनाव में रहने लगे। बताया गया कि गुरुवार को पोलबा थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित एक सुपारी कारखाने के सामने उन्होंने कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में उन्हें पहले चुंचुड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया जहां गुरुवार की रात उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी मुक्ति हलदार ने आरोप लगाया कि पैसा लेने के बाद न तो कारोबार में हिस्सा दिया गया और न ही रकम वापस की गई। कई बार उन्होंने भवानीपुर स्थित फ्लैट और बाजार के कार्यालय में जाकर पैसे की मांग की, लेकिन उन्हें टाल दिया गया। उन्होंने प्रशासन से न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय पंचायत के पूर्व तृणमूल प्रधान और सुपारी व्यवसायी विद्युत विश्वास ने कहा कि यदि प्रशासन इस मामले में कार्रवाई नहीं करता है तो परिवार पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा।

SCROLL FOR NEXT