जगन्नाथ चट्टोपाध्याय 
कोलकाता सिटी

सरकार NEP लागू करने को प्रतिबद्ध : उच्च शिक्षा मंत्री

2030-40 के बीच देशभर में नीति लागू करने का लक्ष्य

कोलकाता : राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने शनिवार को राज्य सरकार का रुख स्पष्ट किया। सेंट जेवियर्स कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति का मकसद केवल पाठ याद कर परीक्षा में उत्तर लिखना और अंक हासिल करना नहीं है। इसके जरिये विद्यार्थियों के कौशल, गुणवत्ता और दक्षता को समय की जरूरत के अनुरूप विकसित किया जाएगा। साथ ही, शिक्षा की बुनियाद भारतीय चिंतन से जुड़ी रहेगी।

जगन्नाथ ने कहा कि 2030 से 2040 के बीच देशभर में शिक्षा नीति को पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। भविष्य में कोई भी शिक्षण संस्थान बहुविषयक शिक्षा व्यवस्था से वंचित नहीं रहेगा। प्रत्येक जिले में कम से कम एक ऐसा संस्थान विकसित करने की योजना है, जिसमें न्यूनतम 3,000 विद्यार्थी होंगे।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा नीति लागू करने से पहले 2020 से 2030 तक दस वर्षों का तैयारी चरण रखा गया था। हालांकि, पिछली ममता बनर्जी सरकार ने इस नीति को लागू करने में रुचि नहीं दिखायी। इसका खामियाजा राज्य के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था के स्तर में सुधार और शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर लगातार नजर रख रही है। शिक्षक और विद्यार्थी ही इस नीति को जमीन पर उतारने और शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

SCROLL FOR NEXT