कोलकाता सिटी

गुजारा भत्ता मामले में गलत बयान पर लगा जुर्माना 

जस्टिस चैताली चटर्जी दास ने दिया आदेश 

Jitendra Kumar Singh

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता  कोलकाता : एक महिला ने गुजारा भत्ता के लिए मामला दायर किया था। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस चैताली चटर्जी दास ने उसके मकसद को समझ लिया। यहां मनसा गुजारा भत्ता नहीं बल्कि पति को परेशान करने का है। जस्टिस दास ने उसे कोर्ट का समय बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उस पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। उसे यह रकम जस्टिस जूविनाइल कमेटी के पास जमा करनी पड़ेगी। एडवोकेट अमृता पांडे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जस्टिस दास ने अपने आदेश में कहा है कि पेटीशनर ने इस तथ्य को छुपाया था कि वह एक आईटी कंपनी में काम करती है और प्रति माह डेढ़ लाख के करीब वेतन पाती है। जस्टिस दास ने यह आदेश सीआरपीसी की धारा 125 के तहत दिया है। इसकी वजह यह है कि जब यह मामला हुआ था उस समय सीआरपीसी ही लागू थी। इस धारा के तहत गुजारा भत्ता उन महिलाओं को दिया जाता है जिनके पास अपने गुजारे के लिए कोई संसाधन नहीं होता है। उस दौरान जब पति उसे तन्हा छोड़ देता है। इस मामले में पत्नी ने अपनी निजी रंजिश को साधने के लिए इस धारा का इस्तेमाल किया है। पिटीशन के मुताबिक उसके पास बीटेक और एमसीए की डिग्री है।  इसलिए यह नहीं मान सकते हैं कि कोर्ट में दाखिल एफिडेविट के बारे में वह अनजान थी। एफिडेविट में कहा गया था कि वह एक घरेलू महिला है और उसकी कोई निजी आय नहीं है। जस्टिस दास ने अपने आदेश में कहा है कि इस सच को छुपाते हुए उसने सिर्फ गुजारा भत्ता पाने के लिए यह आवेदन किया था, जबकि उसकी उपयुक्त आय है। जस्टिस दास ने अलीपुर के न्यायिक कोर्ट में चल रहे मुकदमे को भी खारिज कर दिया है। इस कोर्ट ने पति को आदेश दिया था कि वह गुजारा भत्ता के मद में अपनी पत्नी को 45 हजार रुपए प्रति माह भुगतान करे। जस्टिस दास ने इस आदेश को भी खारिज कर दिया है। जस्टिस दास ने पत्नी को जुर्माने की रकम जमा करने के लिए दस दिनों का समय दिया है।

SCROLL FOR NEXT