जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता कोलकाता : पश्चिम बंगाल में अब कोई विपक्ष का नेता नहीं रह गया है। चीफ व्हिप के मामले में भी यही स्थिति है। हाई कोर्ट के जस्टिस कृष्णा राव ने स्पीकर के आदेश को अवैध बताते हुए खारिज कर दिया है। यह नियुक्तियां स्पीकर ने ही की थी। साथ ही स्पीकर से अनुरोध किया है कि वह दस दिनों के अंदर विपक्ष के नेता और चीफ व्हिप के मामले में नए सिरे से नियुक्ति के बाबत फैसला लिया जाए। यहां उल्लेखनीय है कि जस्टिस शंपा सरकार और जस्टिस अजय कुमार गुप्ता के डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच को आदेश दिया था कि स्पीकर बनाम शोभनदेव के मामले में दो माह के अंदर फैसला लिया जाए। इसके साथ ही डिवीजन बेंच ने आदेश दिया था कि ऋतव्रत बनर्जी दो माह तक या सिंगल बेंच का फैसला आने तक विपक्ष के नेता बने रहेंगे। लिहाजा शुक्रवार को जस्टिस राव का फैसला आने के बाद विपक्ष के नेता पद से ऋतब्रत बनर्जी की विदाई हो गई। इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने शोभन देव चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव पास किया था। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को एक पत्र देकर इस प्रस्ताव का हवाला देते हुए शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता नियुक्त किए जाने का अनुरोध किया था। विधानसभा के स्पीकर ने इस पत्र को अहमियत नहीं दिया और तीन जून को ऋतव्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता और और अखरूजमान को चीफ व्हिप के पद पर नियुक्त कर दिया था। शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने इसके खिलाफ हाई कोर्ट में मामला दायर किया था। जस्टिस कृष्णा राव ने मामले की सुनवाई के बाद उनके पिटीशन को खारिज कर दिया था। इसके बाद उनकी तरफ से जस्टिस शंपा सरकार के डिवीजन बेंच में अपील की गई थी। डिवीजन बेंच ने कुछ बिंदुओं को चिन्हित करने के बाद इस पर विचार किए जाने का अनुरोध करते हुए इस मामले को जस्टिस कृष्णा राव के पास वापस भेज दिया था। आज जस्टिस कृष्णा राव ने अपने पुराने फैसले को पलटते हुए स्पीकर के आदेश को अवैध करार दिया और ऋतव्रत बनर्जी को विपक्ष के नेता के पद से मुक्त कर दिया। पर अभी मामले का समापन नहीं हुआ है, एडवोकेटों का अंदाजा है कि यह मामला फिर डिवीजन बेंच में या सुप्रीम कोर्ट में जाएगा।