कोलकाता : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू किए हैं।
एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश से लेकर प्रस्थान और आगमन टर्मिनल तक हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
हर स्तर पर होगी सघन जांच
सुरक्षा व्यवस्था के तहत यात्रियों के सामान की अलग-अलग चरणों में जांच की जाएगी। बैगेज स्क्रीनिंग के साथ डॉग स्क्वॉड की भी तैनाती की गई है, जो संदिग्ध सामान की जांच करेगा।
इसके अलावा एयरपोर्ट परिसर में खड़े विमानों की भी विशेष निगरानी और गहन तलाशी की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां सीसीटीवी निगरानी और अन्य तकनीकी माध्यमों से पूरे परिसर पर लगातार नजर रख रही हैं।
खुफिया इनपुट के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
अधिकारियों के अनुसार हाल ही में पश्चिम बंगाल एसटीएफ द्वारा कई संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी और खुफिया एजेंसियों से मिले संभावित सुरक्षा इनपुट के बाद एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। CISF ने एयरपोर्ट परिसर में अतिरिक्त गश्त शुरू कर दी है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।