रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमीनुल गाजी (32) और मारुद अली खान (19) के रूप में हुई है, जो बारुईपुर के कुमारहाट इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। बारुईपुर थाने की पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 1.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त हेरोइन की कीमत करीब 3.6 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को अदालत भेज दिया।