कोलकाता सिटी

दक्षिण बंगाल में अभी और सताएगी गर्मी, बुधवार से बदल सकता है मौसम

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भीषण गर्मी ने पिछले कुछ दिनों से लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। हालांकि, मौसम विभाग अभी दक्षिण बंगाल के निवासियों को कोई तत्काल राहत देने की स्थिति में नहीं है। विभाग ने कहा है कि गर्मी और उमस मंगलवार तक बनी रहेगी। इसके बाद 27 मई, बुधवार से मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना है। दरअसल, अगले हफ्ते दक्षिण बंगाल में तापमान लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है, कि अगले हफ्ते कोलकाता और उसके आस-पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसी बीच रविवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। कोलकाता और उसके आस-पास के इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

उत्तर बंगाल में मौसम कैसा रहेगा?

फिलहाल, उत्तर बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमानों से पता चलता है कि बुधवार से उत्तर बंगाल में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है।

SCROLL FOR NEXT