कोलकाता : कोलकाता के न्यू टाउन स्थित हरिणालय मिनी जू को और विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल सरकार चिड़ियाघर के विस्तार के लिए अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाश रही है।
इसके साथ ही यहां जनवरी 2027 तक पहला बाघ लाने की योजना है। राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
चिड़ियाघर के विस्तार के लिए HIDCO से मांगी जाएगी जमीन
मंत्री मनोज कुमार ओरांव के मुताबिक, मौजूदा चिड़ियाघर में जानवरों के लिए बेहतर बाड़े और पर्यटकों की सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त जगह की जरूरत है। इस संबंध में वरिष्ठ वन अधिकारियों की बैठक में चर्चा हो चुकी है।
अब वन विभाग न्यू टाउन में जमीन आवंटन और बुनियादी ढांचे के विकास की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था हिडको (HIDCO) से अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत करेगा।
जनवरी तक आएगा पहला बाघ, बाड़ा तैयार
मंत्री ने बताया कि चिड़ियाघर में शुरुआत में एक बाघ लाने की योजना है। इसके लिए बाड़ा पहले ही तैयार किया जा चुका है। बाघ कहां से लाया जाएगा, इसका अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। सेंट्रल जू अथॉरिटी (CZA) से स्वीकृत मास्टर प्लान के अनुसार, बाघ के बाड़े का कुल क्षेत्रफल 1,800 वर्ग मीटर होगा। इसमें खुला परिसर, अलग रखने की व्यवस्था और रात में रहने के लिए विशेष शेल्टर शामिल हैं।