दक्षिण 24 परगना : प्रशासन की सख्त पाबंदी के बावजूद चंपाहाटी के हाराल बाजार में प्रतिबंधित पटाखों का खुलेआम कारोबार चल रहा था। दुकानों में ग्रीन पटाखों के साथ प्रतिबंधित पटाखे भी सजाकर बेचे जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर बारुईपुर पुलिस जिले की विशेष टीम ने बाजार में अचानक छापेमारी कर करीब 200 किलो प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, छापेमारी अभियान में बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतीश विश्वास और बारुईपुर थाने के आईसी शांतनु मित्र सहित पुलिस के अन्य अधिकारी व जवान शामिल थे। पुलिस ने बाजार की विभिन्न पटाखा दुकानों में तलाशी ली। इस दौरान ग्रीन पटाखों के साथ प्रतिबंधित पटाखे भी बिक्री के लिए रखे मिले। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री करना गंभीर मामला है। भविष्य में इस तरह का अवैध कारोबार जारी रहने पर कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए विभिन्न इलाकों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।