लापता वृद्धा छवि ज्योति को परिजन अपने साथ ले जाते हुए  
कोलकाता सिटी

हैम रेडियो ने लापता वृद्धा को बेटे से मिलवाया

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : करीब 15 साल पहले लापता हुई एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों से मिलवाकर वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब (हैम रेडियो) के सदस्यों ने मानवता की मिसाल पेश की है। वृद्धा का नाम छवि ज्योति (62) है। वह हुगली जिले के सिंगुर थाना क्षेत्र के दिघलडांगा गांव की रहने वाली हैं। करीब 15 साल पहले वह दक्षिण 24 परगना के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल गंगासागर मेला घूमने के लिए गई थीं, जहां से वह अचानक लापता हो गईं। लंबे समय तक परिजनों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई और वह इधर-उधर भटकने लगीं।बाद में सुंदरवन पुलिस के सागर थाना पुलिस ने उन्हें बिना उद्देश्य के घूमते हुए देखा और इस संबंध में हैम रेडियो के सदस्य दिवस मंडल को सूचना दी। इसके बाद हैम रेडियो के सदस्यों ने काफी प्रयास कर वृद्धा के घर का पता लगाकर सिंगुर में उनके परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद सिंगुर थाना की पुलिस और ग्राम पंचायत के सदस्यों को भी सूचना दी गई। सोमवार की सुबह वृद्धा के बेटे रूप ज्योति अपने चाचा के साथ सागर पहुंचे और अपनी मां को साथ लेकर घर वापस चले गए। इस दौरान रूप ज्योति ने वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अंबरीष नाग विश्वास और सागर थाना पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा की।

वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब (हैम रेडियो) के सचिव अंबरीष नाग विश्वास ने कहा कि हैम रेडियो वर्षों से बिछड़े हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलवाने का काम कर रहा है। इस तरह का कार्य करके उन्हें बहुत संतोष मिलता है। उन्होंने बताया कि वृद्धा को उनके बेटे से मिलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल वृद्धा अपने परिजनों के साथ घर लौट गई हैं।

SCROLL FOR NEXT