रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : मानसिक रूप से बीमार एक अधेड़ व्यक्ति को हैम रेडियो ने पुलिस प्रशासन की मदद से उसके परिजनों से मिलवा दिया। अधेड़ व्यक्ति का नाम रामेश्वर राय (55) है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काटी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, रामेश्वर राय करीब एक वर्ष पहले घर से साइकिल ठीक कराने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटे। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। भटकते-भटकते रामेश्वर राय सुंदरवन पुलिस जिले के अंतर्गत फ्रेजरगंज थाना क्षेत्र के बक्खाली समुद्र तट पर पहुंच गए और वहां बिना उद्देश्य के घूमते हुए देखे गए। पिछले सप्ताह बक्खाली समुद्र तट पर ड्यूटी कर रहे सिविल डिफेंस कर्मी अनूप शसमल की नजर मानसिक रूप से असंतुलित रामेश्वर राय पर पड़ी। उन्होंने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें देखते ही दौड़कर भाग गया। इसके बावजूद अनूप शसमल ने हार नहीं मानी। दोपहर में जब वे उसके लिए खाना लेकर पहुंचे, तो वह बैठकर खाना खाने लगा और असंगत ढंग से कुछ बातें करने लगा। उसकी पहचान जानने के लिए स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। साथ ही हैम रेडियो के वेस्ट बंगाल रेडियो क्लब के सचिव अंबरीष नाग विश्वास को भी इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद हैम रेडियो की मदद से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काटी थाना क्षेत्र के रक्सा गांव में उसके छोटे भाई अखिलेश से संपर्क स्थापित किया गया। आखिरकार हैम रेडियो के सदस्यों की पहल से ही परिवार को उनकी जानकारी मिली। मंगलवार को उनका भतीजा फ्रेजरगंज थाना पहुंचा और अपने चाचा को घर ले गया। परिवार ने सुंदरवन जिला पुलिस, एसडीपीओ सागर सुमन कांति घोष, फ्रेजरगंज कोस्टल थाने के ओसी, हैम रेडियो के सदस्यों तथा सिविल डिफेंस कर्मी अनूप शसमल को धन्यवाद दिया।