जीआरएसई ने सौंपा ‘विंध्यगिरि’ SyedAhmedHussain
कोलकाता सिटी

जीआरएसई ने भारतीय नौसेना को सौंपा तीसरा और अंतिम पी-17ए स्टील्थ फ्रिगेट ‘विंध्यगिरि’

6,670 टन वजनी युद्धपोत के शामिल होने से नौसेना की समुद्री ताकत को मिलेगी मजबूती, ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलों से लैस है स्वदेशी युद्धपोत

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : रक्षा मंत्रालय के अधीन नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने शुक्रवार को भारतीय नौसेना को पी-17ए श्रेणी का तीसरा और अंतिम उन्नत गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट ‘विंध्यगिरि’ सौंप दिया। कोलकाता स्थित जीआरएसई में निर्मित इस युद्धपोत को रियर एडमिरल आरएस धालीवाल, एनएम, मुख्यालय पूर्वी नौसेना कमान (एचक्यूईएनसी) ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया।

‘

विंध्यगिरि’ की डिलीवरी के साथ ही जीआरएसई ने पी-17ए फ्रिगेट निर्माण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि भारतीय नौसेना की समुद्री क्षमता को मजबूत करने के साथ रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश के प्रयासों को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। खास बात यह है कि जीआरएसई ने इस श्रृंखला के दूसरे युद्धपोत ‘दुनागिरि’ की डिलीवरी के आठ महीने से भी कम समय बाद तीसरे युद्धपोत को नौसेना को सौंपा है।

‘विंध्यगिरि’ जीआरएसई द्वारा निर्मित और वितरित किया गया 811वां पोत तथा इसके गौरवशाली युद्धपोत निर्माण इतिहास का 121वां युद्धपोत है। इस पोत का विशेष महत्व इसलिए भी है, क्योंकि इसे 17 अगस्त 2023 को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लॉन्च किया था।

करीब 149 मीटर लंबा और 6,670 टन वजनी ‘विंध्यगिरि’ जीआरएसई द्वारा छह दशकों से अधिक के रक्षा जहाज निर्माण अनुभव में तैयार किए गए सबसे बड़े और अत्याधुनिक गाइडेड-मिसाइल फ्रिगेट में शामिल है। इस तीन युद्धपोतों की परियोजना से देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप और मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) को भी बड़े पैमाने पर अवसर मिले हैं। इससे रोजगार सृजन के साथ स्वदेशी जहाज निर्माण उद्योग को बढ़ावा मिला है।

अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों से लैस इस युद्धपोत में ब्रह्मोस एंटी-शिप और लैंड-अटैक क्रूज मिसाइलों के साथ बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलें तैनात हैं। इसमें उन्नत एईएसए रडार और आधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणालियां भी लगाई गई हैं। डीजल इंजन और गैस टर्बाइन के संयोजन से संचालित यह फ्रिगेट दुश्मन के हवाई, सतही और पनडुब्बी खतरों से निपटने में सक्षम है। इसमें बेहतर सुरक्षा, उत्तरजीविता और परिचालन क्षमता से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

युद्धपोत में 225 नौसैनिकों के रहने के लिए आरामदायक आवास व्यवस्था की गई है। इसके अलावा हेलीकॉप्टरों के संचालन के लिए पूर्ण विमानन सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

जीआरएसई के अनुसार, शिपयार्ड फिलहाल भारतीय नौसेना के लिए 11 अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों और नौसैनिक प्लेटफॉर्म के निर्माण में जुटा है। इनमें दो एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी), चार नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल और पांच नेक्स्ट जेनरेशन कॉर्वेट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जीआरएसई में 36 अन्य पोतों का निर्माण भी जारी है, जिनमें 13 निर्यात के लिए तैयार किए जा रहे प्लेटफॉर्म शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT