कोलकाता : एसएसकेएम अस्पताल के ठेकेदार से रक्तदान शिविर के लिए 5000 रुपये मांगने और फिर रुपये नहीं देने पर उसके साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने अस्पताल के ग्रुप डी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम राज किशोर राम (33) है। पुलिस ने उसे कालीघाट थाना इलाके के टर्फ रोड से गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला आईपीजीएमईएंडआर एसएसकेएम अस्पताल के मुख्य एमबीबीएस हॉस्टल में कार्यरत ठेकेदार शंभु माइती की शिकायत से जुड़ा है। शंभु माइती ने आरोप लगाया था कि एफआईआर में नामजद आरोपी राज किशोर राम ने उनसे 5,000 रुपये की रंगदारी मांगी थी और विरोध करने पर उनके साथ शारीरिक रूप से मारपीट की थी।
लगातार चकमा दे रहा था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ प्राथमिक साक्ष्य मिले थे, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की एक टीम उस पर लगातार कड़ी निगरानी रख रही थी। सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना पुलिस ने आरोपी को कालीघाट क्षेत्र के टर्फ रोड से धर दबोचा। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।