File Photo 
कोलकाता सिटी

अगस्त में आ सकता है ग्रुप-सी और डी का रिज़ल्ट

स्कूल शिक्षा विभाग में उच्चस्तरीय बैठक

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) की ग्रुप-सी और ग्रुप-डी भर्ती परीक्षा का परिणाम अगस्त में जारी हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को विकास भवन में स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन, शिक्षा सचिव विनोद कुमार तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, शिक्षा विभाग अगस्त के भीतर ग्रुप-सी और ग्रुप-डी का परिणाम घोषित करने की तैयारी में जुटा है। गुरुवार को शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप शिक्षक भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और सरकार का लक्ष्य 31 अगस्त तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना है।

यदि इसके लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता पड़ी, तो सरकार अदालत से समय बढ़ाने का अनुरोध करेगी। मंत्री ने बताया कि ग्रुप-सी और ग्रुप-डी का परिणाम तैयार है, लेकिन फिलहाल विभाग की प्राथमिकता शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को पूरा करना है। इस बीच नौकरी गंवा चुके ग्रुप-सी और ग्रुप-डी अभ्यर्थियों ने इस निर्णय पर आपत्ति जताई है।

उनका कहना है कि वे पिछले लगभग 16 महीनों से वेतन से वंचित हैं। परिणाम घोषित होने के बाद भी ग्रुप-सी में टाइपिंग टेस्ट, दस्तावेज़ सत्यापन और साक्षात्कार, जबकि ग्रुप-डी में साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जानी है। ऐसे में परिणाम जारी करने में देरी होने पर उनकी नियुक्ति और अधिक समय के लिए टल सकती है।

सूत्रों के अनुसार, अभ्यर्थियों की मांग सुनने के बाद शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को ग्रुप-सी और ग्रुप-डी का परिणाम शीघ्र जारी करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

SCROLL FOR NEXT