फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

गरियाहाट स्कूल कांड : आरोपी छात्र ने पहले भी किया था पीड़ित पर हमला!

Deepak Mishra

पुलिस ने स्कूल से मांगी सीसीटीवी फुटेज

कोलकाता :

गरियाहाट स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में सहपाठी पर चाकू से हमले की घटना के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी छात्र द्वारा स्कूल में हिंसा की यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी वह दो बार इस तरह की हरकतों को अंजाम दे चुका है।

मंगलवार को भी किया था हमला, तीन महीने पहले भी सामने आया था मामला

पुलिस जांच में पता चला है कि घटना से एक दिन पहले यानी मंगलवार को भी आरोपी छात्र ने अपने इसी क्लासमेट पर हमला किया था। उसने छात्र का गला दबाने की कोशिश की थी, हालांकि अन्य छात्रों द्वारा तुरंत धक्का दिए जाने के कारण तब कोई बड़ा हादसा टल गया था। इसके अलावा, करीब तीन महीने पहले भी आरोपी ने घायल छात्र पर किसी धारदार वस्तु (ब्लेडनुमा चीज) से हमला किया था। हालांकि, उस समय आपसी समझौते के चलते परिजनों ने स्कूल में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

घटना का विवरण और पृष्ठभूमि

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार दोपहर स्कूल के डे सेक्शन की पहली पीरियड के दौरान हुई। आरोपी छात्र पहली बेंच पर बैठा था, जबकि घायल छात्र और कुछ अन्य सहपाठी शिक्षक से बात कर रहे थे। शिक्षक के निर्देश पर जब घायल छात्र बेंच की ओर बढ़ा, तो आरोपी ने बैग से चाकू निकाला और अचानक उस पर हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान छात्र की उंगली गंभीर रूप से कट गई और उसके गले के हिस्से पर भी चोट आई। घटना के बाद आरोपी तुरंत क्लास से बाहर निकल गया। घायल छात्र ऑटिस्टिक है और उसे अकेले रहना पसंद है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी के मन में इसी बात को लेकर कोई रंजिश थी।

स्कूल की भूमिका पर सवाल और पुलिस की कार्रवाई

गरियाहाट पुलिस स्टेशन ने गुरुवार को स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर घटना की सीसीटीवी फुटेज और हमले में इस्तेमाल चाकू पुलिस को सौंपने का निर्देश दिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि एक छात्र स्कूल के अंदर हथियार लेकर कैसे दाखिल हुआ। साथ ही, इस बात पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि स्कूल प्रबंधन ने घटना के करीब चार घंटे बाद पुलिस को इसकी सूचना क्यों दी। पुलिस ने घायल छात्र के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी किशोर के परिवार से जरूरी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। नियमानुसार, आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा और बोर्ड के निर्देशों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SCROLL FOR NEXT