कोलकाता : काली पूजा और दिवाली से पहले कोलकाता में ग्रीन पटाखों की गुणवत्ता और वैधता सुनिश्चित करने के लिए 30 अक्टूबर को टाला पार्क में नमूनों की जांच की जाएगी। वहीं, शहर के चार प्रमुख स्थानों पर बाजी बाजार लगाने की अनुमति अभी पुलिस से नहीं मिली है। पटाखा कारोबारियों को बाजारों की अंतिम तारीखों के ऐलान का इंतजार है।
29 अक्टूबर तक जमा करने होंगे पटाखों के नमूने
पुलिस ने बाजी बाजार के आयोजकों को 29 अक्टूबर सुबह 11 बजे तक ग्रीन पटाखों के नमूने जमा करने का निर्देश दिया है। 30 अक्टूबर को होने वाली जांच में पुलिस, दमकल विभाग, पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान के अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में बाजारों की व्यवस्था और अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।
चार स्थानों पर बाजार लगाने का प्रस्ताव
पटाखों के थोक कारोबारियों ने 2 से 8 नवंबर के बीच टाला पार्क, शहीद मीनार मैदान, बेहाला और कालिकापुर में बाजी बाजार लगाने के लिए पुलिस के पास आवेदन किया है। हालांकि, इन स्थानों पर बाजार लगाने की तारीखों को अब तक अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।
दिवाली पर दो घंटे ही पटाखे जलाने की अनुमति
नियमों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति है। दिवाली पर रात 8 बजे से 10 बजे तक ही पटाखे जलाए जा सकेंगे। ग्रीन पटाखों के पैकेट पर मौजूद क्यूआर कोड से उनकी वैधता की जांच की जा सकती है। इन पटाखों को इस तरह तैयार किया जाता है कि उनसे निकलने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके।