कोलकाता : भारतीय संस्कृति मंच की ओर से आयोजित होने वाली सात दिवसीय रामलीला मंचन 2026 की तैयारियों को लेकर कोलकाता में संस्थापक ट्रस्टी एवं कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष नवल जालान ने की।
इस दौरान उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, सचिव एडवोकेट अभिषेक डोकानिया, संयुक्त सचिव पंकज भालोटिया एवं कोषाध्यक्ष रूपक केडिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा के पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे भव्य एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर सुझाव दिए। सात दिवसीय आयोजन के दौरान अतिथि एवं वीआईपी व्यवस्था, पास वितरण, मंच प्रबंधन, भोजन, स्टॉल, एम्यूजमेंट पार्क, बैठने की व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
आयोजकों ने बताया कि फायर लाइसेंस, फायर सेफ्टी क्लियरेंस एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। रामलीला के कलाकार दल का नेतृत्व मानवेंद्र त्रिपाठी करेंगे।
भारतीय संस्कृति मंच की यह रामलीला 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक बीएफ पार्क रामलीला ग्राउंड, साल्ट लेक, कोलकाता में आयोजित होगी। बैठक में मुकेश गोयल, प्रवीण चांद, मनोज भालोटिया, एन.के. अग्रवाल, मनोज रुंगटा, रमेश बंका, सुभाष अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया।