कोलकाता सिटी

135वें इंडियनऑयल डूरंड कप का भव्य आगाज

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच टूर्नामेंट का शुभारंभ, उद्घाटन मुकाबले में ईस्ट बंगाल को 1-0 से हराया

कोलकाता: एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप का शनिवार को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भव्य उद्घाटन हुआ। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा आयोजित और पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सैन्य परंपराओं की झलक के साथ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल एफसी को 1-0 से हराकर जीत के साथ अभियान की शुरुआत की।

उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के कई मंत्री, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत की प्रमुख हस्तियां, भाग लेने वाले क्लबों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद रहे।

भारतीय संस्कृति और सैन्य परंपराओं का शानदार प्रदर्शन

समारोह की शुरुआत भारतीय सशस्त्र बलों की वीर परंपराओं को समर्पित प्रस्तुतियों से हुई। इसमें खुकरी डांस, गतका, सेराइकेला छऊ, कलारीपयट्टू, झांझ पथक, क्राव मागा और नॉर्थ-ईस्ट वॉरियर्स की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से रवींद्र संगीत, द्विजेंद्रलाल राय की रचनाएं, बाउल संगीत, श्रीखोल, धामसा-मादल के साथ आदिवासी नृत्य, महिषासुर मर्दिनी पर आधारित पुरुलिया छऊ और महिला ढाक वादकों की प्रस्तुति ने पूरे स्टेडियम को उत्साह से भर दिया।

तीन प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का हुआ प्रदर्शन

समारोह का प्रमुख आकर्षण डूरंड कप की तीन प्रतिष्ठित ट्रॉफियों—डूरंड कप, प्रेसिडेंट्स कप और शिमला ट्रॉफी—का विशेष ट्रॉफी ड्रिल था। इसके बाद ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से 138 वर्षों के डूरंड कप के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया।

मैच शुरू होने से पहले आधिकारिक मैच बॉल को मैदान में लाया गया और ईस्टर्न कमांड ध्वज, डूरंड कप ध्वज तथा एआईएफएफ फेयर प्ले ध्वज के साथ औपचारिक मार्च पास्ट किया गया।

बच्चों के साथ मैदान में उतरे खिलाड़ी

दोनों टीमों के खिलाड़ी मैच अधिकारियों के साथ मैदान में उतरे, जिनके साथ ईस्टर्न कमांड के आशा स्कूल के दिव्यांग छात्र, बैरकपुर एवेन्यू महिला सांस्कृतिक एवं सामाजिक कल्याण समिति के बच्चे और सैनिकों के बच्चे भी शामिल रहे। यह भारतीय सेना की समावेशी सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

समारोह के अंत में पश्चिम बंगाल के युवा सेवा एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. इंद्रनील खान ने आधिकारिक रूप से 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप का उद्घाटन किया और औपचारिक किक-ऑफ किया।

24 टीमें, 43 मुकाबले

1888 में शुरू हुआ डूरंड कप दुनिया का तीसरा सबसे पुराना जीवित फुटबॉल टूर्नामेंट है। इस वर्ष प्रतियोगिता 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, शिलांग और इम्फाल सहित पांच शहरों में आयोजित होगी।

टूर्नामेंट में 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें श्रीलंका सशस्त्र बलों की एक विदेशी टीम भी शामिल है। कुल 43 मुकाबले छह विभिन्न स्टेडियमों में खेले जाएंगे। सभी मैचों का सीधा प्रसारण सोनी टेन 5 HD/SD पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV पर उपलब्ध रहेगी.

SCROLL FOR NEXT