कोलकाता : बेलगछिया स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन उपवन मंदिर में शनिवार को चौथ के पावन अवसर पर वार्षिक कलशाभिषेक समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। परम पूज्य आचार्य श्री 108 वसुनंदी जी मुनिराज ससंघ के मंगल सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में कोलकाता और वृहत्तर कोलकाता से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन के दौरान भगवान वासुपूज्य की प्रतिमा को आकर्षक रथ में विराजमान कर जयकारों के बीच पांडुक शिला तक ले जाया गया। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा कर धर्मलाभ अर्जित किया।
पूरे मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। भगवान के जयकारों और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से धार्मिक आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। आचार्य श्री वसुनंदी जी मुनिराज ससंघ की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
समारोह में शामिल सभी साधर्मी बंधुओं के लिए वात्सल्य भोज की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और पुण्यार्जन किया।