कोलकाता : पश्चिम बंग प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार की बहुचर्चित ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार द्वारा भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि योजना का उद्देश्य सराहनीय है, लेकिन 12 पन्ने का फॉर्म भरने की वर्तमान प्रक्रिया आम लोगों के लिए काफी जटिल साबित हो रही है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के लोग आवेदन के दौरान तकनीकी और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि कई स्थानों पर लोगों को बार-बार दस्तावेज जमा करने, लंबी कतारों में खड़े रहने और स्थानीय स्तर पर भ्रम की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है।
पार्टी का तर्क है कि यदि प्रक्रिया आसान नहीं की गई, तो वास्तविक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचने में बाधा आ सकती है। राजनीतिक तौर पर इस पत्र को कांग्रेस की ‘रचनात्मक विपक्ष’ की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
एक ओर कांग्रेस ने योजना की मंशा की प्रशंसा की है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक खामियों को उजागर कर सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश भी की है। ऐसे समय में जब विपक्ष लगातार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास कर रहा है, यह पत्र राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर भी सवाल खड़े करता है।