राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले गोसाबा में तृणमूल कार्यकर्ता को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोलीबारी का आरोप बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। घायल तृणमूल कार्यकर्ता का नाम दिव्येंदु गायेन है। वह गोसाबा के शंभुनगर इलाके का निवासी है। यह घटना रविवार रात की है। इस हत्या के प्रयास की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। तृणमूल नेतृत्व ने इस घटना के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात दिव्येंदु काम से लौट रहे थे, तभी कुछ बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें कैनिंग अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दिव्येंदु की हालत गंभीर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पीठ में गोली लगी है। मतदान के माहौल में इस घटना ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भय का वातावरण बनाने के लिए बीजेपी ने उनके कार्यकर्ता की हत्या की कोशिश की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे राजनीतिक कारण हैं या कोई व्यक्तिगत दुश्मनी भी हो सकती है। गोसाबा के तृणमूल उम्मीदवार सुब्रत मंडल ने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने गोली चलाई है। भाजपा नेता अनिमेश मंडल ने कहा कि यह घटना तृणमूल के आपसी अंतरद्वंद का परिणाम है।