बिजली उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार ने अच्छी खबर दी है। अब बिजली का बिल तिमाही नहीं बल्कि हर महीने मिलेगा। यह नई सुविधा अगले साल जनवरी से लागू होगी। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को नवान्न में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि राज्य संचालित बिजली वितरण कंपनी के सेवा वाले क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को जनवरी से हर महीने बिजली के बिल मिलेंगे, जबकि अब तक तिमाही बिल मिलते रहे हैं।
तिमाही बिलों के स्थान पर मासिक बिल की मांग की जा रही थी क्योंकि एक साथ तीन महीने का शुल्क चुकाना कई परिवारों के लिए कठिनाई पैदा कर रहा था। राज्य सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है और इस लंबे समय से चली आ रही प्रथा को समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि राज्य में कर्मशियल विद्युत की मांग बढ़ी है कि दिसंबर से खरीदने की आवश्यकता होगी।
ऐसा इसलिए क्योंकि यहां उद्योग कल कारखाने से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। पिछली सरकार में ऐसा नहीं था। उल्लेखनीय है कि सीईएससी एरिया में उपभोक्ताओं को हर माह ही बिजली बिल मिलता है। सीईएससी के उपभोक्ता पहले से ही हर महीने अपने बिलों का भुगतान करते हैं। राज्य के बाकी हिस्सों में मुख्य रूप से राज्य की बिजली कंपनी पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा सेवा दी जाती है।
हालांकि, राज्य बिजली कंपनी के अंतर्गत आने वाले न्यू टाउन क्षेत्र में पहले से ही मासिक बिल जारी किया जाता है। तिमाही बिलिंग प्रणाली वाम मोर्चा के शासनकाल से ही लागू थी। ममता बनर्जी सरकार के दौरान भी यह मुद्दा कई बार चर्चा के लिए आया था, लेकिन इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया था।