कोलकाता : जोड़ासांको थानांतर्गत सी.आर. एवेन्यू इलाके में एक महिला की सोने की चेन पेंडेंट समेत चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 8 अप्रैल 2026 के बाद की बताई जा रही है। पीड़ित विनीत कुमार ने इस संबंध में जोड़ासांको थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनकी पत्नी दीपशिखा की सोने की चेन घर से गायब हो गयी। परिवार का आरोप है कि पिछले छह महीने से घर में काम कर रही घरेलू सहायिका सावित्री मंडल पर संदेह है। बताया गया कि सावित्री मंडल ही घर के उस कमरे में प्रवेश करती थी, जहां चेन रखी हुई थी। परिवार के अनुसार, दिन के समय विनीत की मां दरवाजा खोलकर सफाई के लिए सहायिका को अंदर जाने देती थीं और सफाई के बाद कमरे को फिर से बंद कर दिया जाता था। शाम को जब उनकी पत्नी घर लौटीं, तो उनके बेटे ने चेन गायब होने की बात नोटिस की। पीड़िता ने बताया कि मौसम के कारण गले में खुजली होने पर वह रात में चेन उतार देती थीं। उस दिन वे सुबह दोबारा पहनना भूल गईं, जिसके बाद वह बिना चेन के ही ऑफिस चली गईं। परिजनों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से पूछताछ के बावजूद संदिग्ध महिला ने चोरी की बात स्वीकार नहीं की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से उचित कार्रवाई कर चोरी हुए गहने की बरामदगी की मांग की है।