गायत्री फाउंडेशन की नाट्य प्रस्तुति ‘नारायणी’ 
कोलकाता सिटी

गायत्री फाउंडेशन की नाट्य प्रस्तुति ‘नारायणी’ ने दर्शकों को किया भावविभोर

सती के समर्पण, अभिमन्यु-उत्तरा के पुनर्मिलन और शिव-शक्ति के दिव्य मिलन की गाथा का मंचन, रमेश एवं कविता पाटोदिया की परिकल्पना को कलाकारों ने दिया सजीव रूप

Ravi

कोलकाता : गायत्री फाउंडेशन की ओर से प्रस्तुत भव्य नाट्यकृति ‘नारायणी—सती की पुनरावृत्ति’ ने दर्शकों को भक्ति, प्रेम और अध्यात्म से सराबोर कर दिया। इस नाट्य प्रस्तुति में सती के सत्य एवं समर्पण, अधूरे प्रेम, अभिमन्यु और उत्तरा के पुनर्जन्म तथा पुनर्मिलन और अंततः शिव-शक्ति के दिव्य मिलन की कथा को प्रभावशाली ढंग से मंच पर उतारा गया।

इस प्रस्तुति की परिकल्पना फाउंडेशन के ट्रस्टी रमेश पाटोदिया एवं कविता पाटोदिया ने की, जबकि पलाश चतुर्वेदी और स्मृति चतुर्वेदी ने इसे मंचीय स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नाटक में आलोक बोस ने नारायणी, युवराज सुराणा ने तनधन, रहीम नवाब ने महत्वपूर्ण भूमिका तथा प्रत्यूष तिवारी ने नवाबजादे का किरदार निभाया। स्वाति शर्मा उत्तरा और पलाश चतुर्वेदी अभिमन्यु की भूमिका में नजर आए। वहीं रमेश एवं कविता पाटोदिया ने सेठ और सेठानी के किरदार निभाए।

करीब डेढ़ घंटे चली इस प्रस्तुति में संगीत, अभिनय और दृश्य संयोजन के माध्यम से पौराणिक प्रसंगों को जीवंत किया गया। दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में कलाकारों के अभिनय को सराहना मिली। ‘नारायणी’ ने धार्मिक कथाओं और सनातन संस्कृति के संदेश को नाट्य माध्यम से जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया।

SCROLL FOR NEXT