फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

अभिनेत्री स्वस्तिका मुखर्जी से गरियाहाट थाने में एक घंटे हुई पूछताछ

कुछ दिन पहले दर्ज हुई थी एफआईआर

कोलकाता : वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में टॉलीवुड अभिनेत्री स्वस्तिका मुखर्जी शनिवार को गरियाहाट थाने में पेश हुईं। पुलिस ने उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ की। गौरतलब है कि इस मामले में हाल ही में स्वस्तिका मुखर्जी और अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 2 मई 2021 को विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया था। परमब्रत ने लिखा था, ‘आज विश्व रोगड़ानी दिवस घोषित होक’। इस पोस्ट पर अभिनेत्री स्वस्तिका मुखर्जी ने सहमति जताते हुए टिप्पणी की थी, ‘हाहाहा, हां, ऐसा ही होना चाहिए!’ वकील जॉयदीप सेन की शिकायत के आधार पर गुरुवार की रात गरियाहाट थाने में दोनों कलाकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अभिनेत्री द्वारा इस तरह की टिप्पणी का समर्थन करने से चुनाव के बाद भड़की हिंसा और तनाव को और बढ़ावा मिला। जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इन सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन गतिविधियों का संबंध हिंसा भड़काने और समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से है। शनिवार को पूछताछ के बाद स्वस्तिका मुखर्जी मीडियाकर्मियों से बिना बात किए ही थाने से रवाना हो गईं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय को भी जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक इसका कोई जवाब नहीं दिया है।

SCROLL FOR NEXT