डायमंड हार्बर स्वास्थ्य जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत शुक्ला 
कोलकाता सिटी

गंगासागर मेला 2026 : पहली बार ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील’ में तैनात होंगे केमिस्ट

मिलावटी भोजन परोसने पर होगी सख्त कार्रवाई केमिस्ट मौके पर ही खाद्य पदार्थों की करेंगे जांच गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ होगी कार्रवाई

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

गंगासागर : प्रसिद्ध गंगासागर मेला 2026 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मेले के सुचारु संचालन और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न एजेंसियों के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। इसी क्रम में इस वर्ष पहली बार मेले में फूड सेफ्टी एंड व्हील पर विशेष केमिस्टों की तैनाती की जा रही है, जो भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी रखेंगे। मेला के दौरान दो सेफ्टी एंड व्हील परिक्रमा करेंगे। दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर स्वास्थ्य जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जयंत शुक्ला ने सन्मार्ग से विशेष बातचीत में बताया कि मेले के दौरान भोजन में मिलावट या खराब तेल के इस्तेमाल जैसे मामलों पर अब सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। केमिस्ट मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच करेंगे और गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाये जाने पर दुकानदारों को आगे दुकान लगाने की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। हर साल मेले में निम्न गुणवत्ता के तेल और मिलावटी भोजन के कारण कई तीर्थयात्रियों की तबीयत बिगड़ जाती है। इसे देखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही से श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर असर न पड़े।

तीर्थयात्रियों के लिए पुख्ता स्वास्थ्य व्यवस्था

पांच अस्पतालों के साथ दो अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्थ रहेगी जिनमें एक कचुबेरिया और दूसरा कपिल मुनि मेला ग्राउंड के पास होगा। पूरे मेले के दौरान लगभग 800 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही 12 लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, 10 (102 सेवा) एंबुलेंस, 80 सामान्य एंबुलेंस, 1 एयर एंबुलेंस और 3 वाटर एंबुलेंस की तैनाती भी की जाएगी। आपात स्थिति में तीर्थयात्रियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इस बार गंगासागर मेला पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित होगा और तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

SCROLL FOR NEXT